Ballia UP News: जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में गोवंश संरक्षण से संबंधित जनपद स्तरीय अनुश्रवण, मूल्यांकन एवं समीक्षा समिति की त्रैमासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में गौशालाओं की स्थिति के साथ-साथ जल निगम (ग्रामीण) द्वारा संचालित योजनाओं की भी विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक में बताया गया कि जनपद में कुल 30 गौशालाएं संचालित हैं, जिनमें लगभग 27 हजार गोवंश संरक्षित हैं। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि प्रत्येक गौशाला में 50 से कम पशु नहीं होने चाहिए। उन्होंने बताया कि वर्तमान में पांच गौशालाओं में पशुओं की संख्या काफी कम है, जहां लगभग 70 पशुओं को रखा जाना अभी शेष है। इस पर जिलाधिकारी ने मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को निर्देश दिए कि शहर में घूम रहे लगभग 100 आवारा पशुओं को पकड़कर तत्काल गौशालाओं में संरक्षित किया जाए।

जिलाधिकारी ने गौशालाओं में चारा, भूसा, ठंड से बचाव एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया। हरे चारे के रूप में नेपियर घास की खेती को बढ़ावा देने के लिए सभी विकास खंडों में ग्राम प्रधानों के साथ बैठक आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए। इसके अलावा गौशालाओं में लगे सीसीटीवी कैमरों की समीक्षा की गई। नगरा क्षेत्र में तीन कैमरे खराब पाए जाने पर तत्काल नए कैमरे लगाए जाने के आदेश दिए गए।
इसके बाद ‘हर घर नल योजना’ के अंतर्गत जल निगम (ग्रामीण) द्वारा किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि अधिकांश कार्य प्रगति पर हैं, हालांकि कुछ स्थानों पर अभिग्रहण से जुड़े कार्य शेष हैं। रसड़ा क्षेत्र में पीडब्ल्यूडी की सड़क बाधा बनने पर जिलाधिकारी ने पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता को जल निगम के साथ समन्वय कर शीघ्र कार्य प्रारंभ कराने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान विद्युत कनेक्शन में हो रही देरी पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। बताया गया कि जल निगम द्वारा वर्ष 2024 में भुगतान किए जाने के बावजूद अब तक बिजली कनेक्शन नहीं दिया गया है। इस पर जिलाधिकारी ने एक्सईएन विद्युत को तत्काल कनेक्शन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। वहीं चिलकहर क्षेत्र में वर्ष 2022 में भुगतान के बावजूद कनेक्शन न मिलने पर एसडीओ रसड़ा को भी शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने बताया कि जल निगम (ग्रामीण) द्वारा लगभग 60 प्रतिशत कार्य पूर्ण किया जा चुका है और शेष कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के लिए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं। साथ ही ‘नल जल मित्र’ योजना के अंतर्गत 940 ग्राम पंचायतों में भर्ती प्रक्रिया को शीघ्र पूर्ण करने के लिए कहा गया।
उन्होंने सभी योजनाओं में पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ओजस्वी राज, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. सुशील कुमार मिश्रा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
हिंदी में खबरे देखने और पढ़ने के लिए विजिट करें हमारी वेबसाइट
UP Tak News
Note: ⇒ We hope you liked this information, all the sources of this information are taken from all the sources available on the internet, by order of Team UP Tak News

You can read news related to Uttar Pradesh by Clicking here
⇒ Follow Us On Our Social HandleUP TAK NEWS










