Ballia News: जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को लेकर जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने बुधवार को जिला अस्पताल और जिला महिला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न वार्डों में पहुंचकर मरीजों और उनके तीमारदारों से सीधे बातचीत की और अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं की जमीनी स्थिति जानी।
निरीक्षण के समय एक महिला ने डीएम से शिकायत की कि उसके ससुर के उपचार के लिए डॉक्टर द्वारा बाहर से दवा खरीदने को कहा गया। इस पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताते हुए संबंधित चिकित्सक डॉ. सुनील कुमार को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही महिला द्वारा दवा पर खर्च किए गए 545 रुपये वापस कराने का आदेश भी दिया गया।
डीएम ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अस्पताल में उपलब्ध दवाएं ही मरीजों को दी जाएं। बाहर की दवा लिखने की शिकायत दोबारा मिलने पर जिम्मेदारों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मेडिकल वार्ड में भीड़ पर जताई नाराजगी
मेडिकल वार्ड में अत्यधिक भीड़ देखकर जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देश दिया कि प्रत्येक मरीज के साथ केवल एक तीमारदार को ही प्रवेश दिया जाए। उन्होंने कहा कि अनावश्यक भीड़ से न केवल अव्यवस्था बढ़ती है, बल्कि संक्रमण का खतरा भी रहता है।
कुछ मरीजों ने नली लगाने के नाम पर धन वसूली और उपचार में लापरवाही की शिकायत भी की। इस पर डीएम ने मेडिकल वार्ड की प्रभारी नर्सिंग अधिकारी श्रीमती लीलावती से स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश दिए।
दवा वितरण कक्ष में जांची स्थिति
दवा काउंटर पर लाइन में खड़े मरीजों से बातचीत कर डीएम ने दवाओं की उपलब्धता के बारे में जानकारी ली। मरीजों ने बताया कि दवाएं उपलब्ध हैं। जिलाधिकारी ने दोहराया कि अस्पताल में उपलब्ध दवाओं का ही वितरण किया जाए।
महिला अस्पताल में सीटी स्कैन कक्ष में अव्यवस्था
इसके बाद डीएम जिला महिला अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड, पैथोलॉजी और सीटी स्कैन कक्ष का निरीक्षण किया। पैथोलॉजी विभाग को सभी जांच रिपोर्ट समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
सीटी स्कैन कक्ष में भारी भीड़ देखकर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। जानकारी मिली कि 50 मरीजों का स्कैन हो चुका है, जबकि 65 मरीजों का स्कैन बाकी है। भीड़ नियंत्रित करने के लिए डीएम ने तत्काल टोकन सिस्टम लागू करने और बाहर डिस्प्ले बोर्ड लगाने के निर्देश दिए, ताकि मरीजों को अपने नंबर की स्पष्ट जानकारी मिल सके।
साफ-सफाई और पार्किंग व्यवस्था सुधारने के निर्देश
जिलाधिकारी ने अस्पताल परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था दुरुस्त रखने के साथ ही पार्किंग व्यवस्था को व्यवस्थित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल में आने वाले गरीब और जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क और गुणवत्तापूर्ण उपचार मिलना प्राथमिकता होनी चाहिए।
निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. विजय यादव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
हिंदी में खबरे देखने और पढ़ने के लिए विजिट करें हमारी वेबसाइट
UP Tak News
Note: ⇒ We hope you liked this information, all the sources of this information are taken from all the sources available on the internet, by order of Team UP Tak News

You can read news related to Uttar Pradesh by Clicking here
⇒ Follow Us On Our Social HandleUP TAK NEWS
हिंदी समाचार, ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ेंUP TAK NEWS पर। सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट
यूपी तक न्यूज़ लाइव पर पढ़ें बॉलीवुड, लाइफस्टाइल,राज्यऔर खेल जगत, स्वास्थ्य
से जुड़ी ख़बरे।
Author: Abhishek Mishra
अभिषेक मिश्रा , यूपी तक न्यूज़ में एक सीनियर पत्रकार व एक प्रशिद्ध कवि भी हैं। वे काव्य और क्राइम, सोशल और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरें बनाते हैं। मीडिया में उन्हें 1 साल का अनुभव है। ये करीब एक साल से UP Tak News Media Publication (Digital) के यूपी/उत्तराखंड टीम में कार्यरत हैं। और ये खासकर बलिया जनपद से जुडी रिपोटिंग करते है।










