UP News: IAS रिंकू सिंह राही ने यूपी की नौकरशाही व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कैडर ट्रांसफर की मांग की। जानिए जालौन में तैनाती से जुड़े विवाद और उनकी पूरी पोस्ट।
जालौन: उत्तर प्रदेश कैडर के आईएएस अधिकारी रिंकू सिंह राही एक बार फिर चर्चा में हैं। जालौन में एसडीएम के पद पर तैनाती के बाद लगातार विवादों में रहे राही ने अब सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लंबी पोस्ट लिखकर प्रदेश की मौजूदा नौकरशाही व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि वह उत्तर प्रदेश की वर्तमान नौकरशाही संस्कृति के लिए खुद को उपयुक्त नहीं मानते और दूसरे राज्य या कैडर में जाकर सकारात्मक काम करने का अवसर चाहते हैं।
राही ने अपनी पोस्ट में लिखा कि आईएएस बनने के पीछे उनका उद्देश्य ऐसे काम करना था, जिनसे जनता से किए गए वादों को पूरा करने में प्रशासन नेतृत्व की मदद कर सके। हालांकि, उनके मुताबिक उत्तर प्रदेश में निचले स्तर तक संवैधानिक व्यवस्था के अनुरूप काम करना चुनौतीपूर्ण हो गया है।
UP News: ‘व्यवस्था में स्वतंत्र रूप से काम करना मुश्किल’
रिंकू सिंह राही ने आरोप लगाया कि भ्रष्ट नौकरशाही ऐसे अधिकारियों को स्वतंत्र रूप से काम करने का अवसर नहीं देना चाहती, जो व्यवस्था में बदलाव की कोशिश करते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि व्यवस्था में लंबे समय से काम कर रहे ईमानदार अधिकारियों के सामने भी अहं का सवाल खड़ा हो सकता है कि यदि वे कोई बदलाव नहीं कर सके तो कोई दूसरा अधिकारी कैसे कर सकता है। उनके मुताबिक मौजूदा परिस्थितियों में अधिकारी की ऊर्जा व्यवस्था सुधारने के बजाय उसे गलत दिशा में जाने से रोकने में खर्च हो रही है।
UP News: ‘माफिया और भ्रष्टाचार से लड़ना प्रशासन का सामान्य दायित्व’
राही ने अपनी पोस्ट में माफिया और भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई को प्रशासन की बुनियादी जिम्मेदारी बताया। उन्होंने कहा कि यदि ऐसे तत्वों को ऊपर से संरक्षण मिलता है तो अधिकारी का संघर्ष सकारात्मक परिणाम देने के बजाय निरर्थक हो जाता है।
उन्होंने यह भी कहा कि सूचना और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के दौर में बुनियादी प्रशासनिक व्यवस्था सुनिश्चित करना केवल इच्छाशक्ति और संस्थागत प्रतिबद्धता का विषय रह गया है। राही के अनुसार, यदि उत्तर प्रदेश में उन्हें ऐसी तहसील तक नहीं मिल पा रही, जहां संवैधानिक व्यवस्था लागू करने के दौरान कथित तौर पर माफिया और भ्रष्टाचारियों को संरक्षण न मिले, तो भविष्य में किसी जिले, मंडल या आम जनता पर सीधा प्रभाव डालने वाले विभाग में सार्थक काम करना उनके लिए मुश्किल हो सकता है।
UP News: दूसरे राज्य या कैडर में खुद को परखना चाहते हैं
आईएएस अधिकारी ने लिखा कि देश और मानव हित के साथ आत्मपरीक्षण के लिहाज से उनके लिए बेहतर होगा कि उन्हें किसी दूसरे राज्य या कैडर में सकारात्मक कार्य करने का अवसर दिया जाए। उन्होंने कहा कि इससे वह यह भी परख सकेंगे कि अनुकूल संस्थागत माहौल मिलने पर वह कितना सकारात्मक बदलाव ला सकते हैं। उन्होंने अपनी पोस्ट के अंत में सवाल उठाया कि आखिर कौन सा राज्य या कैडर उनके कैडर ट्रांसफर के अनुरोध को स्वीकार करेगा और उन्हें बिना अनावश्यक बाधाओं के देश और मानव सेवा करने का अवसर देगा।
UP News: जालौन में तैनाती के बाद लगातार विवादों में रहे राही
रिंकू सिंह राही को पांच मई को जालौन में एसडीएम के पद पर तैनाती मिली थी। करीब तीन महीने के कार्यकाल के दौरान उनका नाम जनप्रतिनिधियों, लेखपालों, तहसील कर्मचारियों, नगर पालिका अधिकारियों और अधिवक्ताओं से जुड़े कई विवादों में सामने आया।
जालौन तहसील में तैनाती के दौरान बेतवा आइस एंड कोल्ड स्टोरेज के निरीक्षण के समय भाजपा ब्लॉक प्रमुख रामराजा निरंजन से उनका विवाद हुआ। ब्लॉक प्रमुख की ओर से अभद्रता, थप्पड़ मारने की कोशिश और धक्का-मुक्की के आरोप लगाए गए थे। घटना का वीडियो भी सामने आया था। मामले की जांच जिला स्तर पर कराई गई। इसके बाद 30 जून को राही को जालौन एसडीएम पद से हटाकर उरई में एसडीएम न्यायिक की जिम्मेदारी दी गई।
UP News: लेखपालों और कर्मचारियों ने भी जताई नाराजगी
जालौन में तैनाती के दौरान उनकी कार्यशैली को लेकर लेखपालों में भी नाराजगी सामने आई थी। जून के अंत में लेखपालों ने सामूहिक अवकाश पर जाने का निर्णय लिया था। शिक्षकों, व्यापारियों और तहसील कर्मचारियों की ओर से भी उनकी कार्यशैली को लेकर शिकायतों की चर्चा रही। राही ने खुद डीएम को पत्र लिखकर प्रशासनिक व्यवस्था, जवाबदेही और अधिकारियों के बीच सूचनाओं के आदान-प्रदान को लेकर सवाल उठाए थे।
UP News: एसडीएम न्यायिक की जिम्मेदारी मिलने के बाद भी विवाद जारी
उरई में एसडीएम न्यायिक बनाए जाने के बाद शासन को भेजा गया उनका पांच पन्नों का पत्र भी चर्चा में रहा। इसमें उन्होंने दावा किया था कि मौजूदा पद पर उन्हें करीब चार घंटे का ही काम मिल रहा है। उन्होंने पर्याप्त जिम्मेदारी नहीं मिलने की स्थिति में आधा वेतन दिए जाने पर भी आपत्ति नहीं होने की बात कही थी। साथ ही उन्होंने उपयुक्त फील्ड पोस्टिंग या कैडर बदलने की मांग रखी थी। उरई के नए तहसील भवन में एसडीएम न्यायिक के लिए अलग कोर्ट और चैंबर की व्यवस्था को लेकर भी उनका नाम चर्चा में आया।
UP News: नगर पालिका जांच के दौरान भी हुआ विवाद
उरई नगर पालिका में कथित वित्तीय अनियमितताओं की जांच के दौरान राही और ईओ राम अचल कुरिल के बीच तीखी नोकझोंक की बात सामने आई थी। राही ने ईओ पर ‘सेटिंग’ करने आने का आरोप लगाया था, जबकि ईओ की ओर से कहा गया था कि जांच में मांगे गए अभिलेख सक्षम अधिकारी को उपलब्ध कराए जा रहे हैं। बाद में नगर पालिका जांच समिति में राही की जगह वर्तमान एसडीएम को नामित कर दिया गया।
बार एसोसिएशन ने भी उठाए सवाल
अगस्त में जिला बार एसोसिएशन की ओर से भी उनकी न्यायिक कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए गए। अधिवक्ताओं ने राजस्व अदालतों के बहिष्कार की चेतावनी देते हुए पूर्व की शिकायतों का हवाला दिया था। इस तरह जालौन में पांच मई को तैनाती के बाद से रिंकू सिंह राही लगातार प्रशासनिक विवादों और टकरावों को लेकर सुर्खियों में रहे हैं। अब उनकी सोशल मीडिया पोस्ट ने एक बार फिर प्रदेश की नौकरशाही व्यवस्था और उनके कैडर ट्रांसफर की मांग को चर्चा के केंद्र में ला दिया है।
UP Tak News
Note: ⇒ We hope you liked this information, all the sources of this information are taken from all the sources available on the internet, by order of Team UP Tak News
You can read news related to Uttar Pradesh by Clicking here
⇒ Follow Us On Our Social Handle UP TAK NEWS
Author: UP Tak News
UP TAK NEWS वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो Uttar Pradesh क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ UP क्षेत्र और अन्य ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. UP TAK NEWS न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.uptaknews.in से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |