Ballia UP News: बाबा बालखंडी नाथ मंदिर परिसर में आयोजित सात दिवसीय श्री शिव महापुराण कथा के तीसरे दिन अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा (सीहोर वाले) ने भगवान शिव की महिमा का भावपूर्ण वर्णन करते हुए कहा कि पृथ्वी माता समस्त जीवों का भार वहन कर सकती हैं, लेकिन मनुष्य के पापों का बोझ सहन नहीं कर सकतीं। संसार में यदि कोई शक्ति मनुष्य के पापों को अपने ऊपर लेकर उसका कल्याण कर सकती है, तो वह केवल देवाधिदेव महादेव हैं।
पं. मिश्रा ने कहा कि नारद पुराण में भी भगवान शिव की इस करुणामयी महिमा का उल्लेख मिलता है। उन्होंने कहा कि भगवान शिव अपने भक्तों के दुख, कष्ट और पापों का नाश करने वाले हैं तथा सच्चे मन से की गई शिव भक्ति जीवन के सभी संकटों से मुक्ति प्रदान करती है। महादेव अपने भक्तों पर शीघ्र प्रसन्न होने वाले देव हैं, इसलिए उन्हें भोलेनाथ कहा जाता है।
सद्कर्म और शिव स्मरण से मिलता है सुख-शांति का मार्ग
कथावाचक ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि मनुष्य को अपने जीवन में ऐसे कर्म करने चाहिए, जिनसे समाज और परिवार का कल्याण हो। पाप, अहंकार और छल-कपट से दूर रहकर भगवान शिव का स्मरण करने वाला व्यक्ति सदैव सुख और शांति प्राप्त करता है। उन्होंने कहा कि शिव नाम का स्मरण मात्र ही मनुष्य के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने की शक्ति रखता है।
कथा के दौरान उन्होंने भगवान शिव और माता पार्वती से जुड़े विभिन्न प्रसंगों का वर्णन करते हुए श्रद्धालुओं को धर्म, संस्कार और सदाचार का संदेश दिया। उनके मुखारविंद से निकली कथा और भजनों पर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे तथा पूरा कथा पंडाल ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गूंजता रहा।
शिवमय हुआ कथा पंडाल, दूर-दूर से पहुंचे श्रद्धालु
तीसरे दिन भी कथा श्रवण के लिए जिले के विभिन्न क्षेत्रों के साथ-साथ पड़ोसी जनपदों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा बालखंडी नाथ मंदिर परिसर पहुंचे। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच पूरा वातावरण भक्तिमय और शिवमय बना रहा।
आयोजन समिति की ओर से श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, चिकित्सा, सुरक्षा तथा यातायात की समुचित व्यवस्था की गई थी। कथा के समापन पर मंत्री के अनुज धर्मेंद्र सिंह, सुनील सिंह एवं अन्य परिजनों ने महादेव की आरती कर प्रसाद वितरण किया। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव के जयकारों के साथ क्षेत्र की सुख-समृद्धि तथा विश्व कल्याण की कामना की।
एनसीसी तिराहा से शुरू हुई निःशुल्क बस सेवा
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह की पहल
बांसडीह रोड स्थित दिउली में चल रही शिव महापुराण कथा में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या और रूट डायवर्जन के कारण आवागमन में हो रही असुविधा को देखते हुए प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने श्रद्धालुओं के लिए निःशुल्क बस सेवा शुरू कराई है।
पुलिस द्वारा यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए किए गए रूट डायवर्जन के चलते लोगों को काफी दूरी पैदल तय करनी पड़ रही थी। इसे देखते हुए मंत्री ने एनसीसी तिराहा से कथा स्थल तक फ्री बस सेवा की व्यवस्था कर श्रद्धालुओं को बड़ी राहत प्रदान की है। श्रद्धालुओं ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे जनसेवा और धर्मसेवा का सराहनीय कदम बताया।
हिंदी में खबरे देखने और पढ़ने के लिए विजिट करें हमारी वेबसाइट
UP Tak News
Note: ⇒ We hope you liked this information, all the sources of this information are taken from all the sources available on the internet, by order of Team UP Tak News
You can read news related to Uttar Pradesh by Clicking here
⇒ Follow Us On Our Social Handle UP TAK NEWS
Author: Abhishek Mishra
अभिषेक मिश्रा , यूपी तक न्यूज़ में एक सीनियर पत्रकार व एक प्रशिद्ध कवि भी हैं। वे काव्य और क्राइम, सोशल और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरें बनाते हैं। मीडिया में उन्हें 1 साल का अनुभव है। ये करीब एक साल से UP Tak News Media Publication (Digital) के यूपी/उत्तराखंड टीम में कार्यरत हैं। और ये खासकर बलिया जनपद से जुडी रिपोटिंग करते है।