CJP Protest: जंतर-मंतर छात्र प्रदर्शन में घायल साहिल लोचब की शिकायत पर दिल्ली पुलिस ने FIR दर्ज की। साहिल का दावा है कि पैलेट से उनकी दाहिनी आंख की रोशनी गई और शरीर में 200 से ज्यादा छर्रे मिले।
नई दिल्ली: जंतर-मंतर पर छात्र प्रदर्शन के दौरान पैलेट गन से घायल हुए 20 वर्षीय साहिल लोचब की शिकायत पर दिल्ली पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। साहिल ने आरोप लगाया है कि 20 जुलाई को प्रदर्शन के दौरान उन पर कई बार धातु के पैलेट दागे गए, जिससे उनकी दाहिनी आंख की रोशनी चली गई और शरीर के कई हिस्सों में 200 से अधिक धातु के छर्रे फंस गए। FIR दर्ज होने के बाद साहिल ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का आभार जताया। उनका कहना है कि राहुल गांधी की टीम पिछले करीब एक महीने से उनके संपर्क में थी और राहुल गांधी स्वयं भी उनके स्वास्थ्य की जानकारी लेते रहे।
CJP Protest: क्या है FIR में आरोप?
साहिल की शिकायत के मुताबिक, 20 जुलाई को जंतर-मंतर से संसद की ओर छात्र मार्च निकाला जा रहा था। प्रदर्शनकारी कथित परीक्षा अनियमितताओं, दिल्ली पुलिस भर्ती परीक्षा 2025 और नीट पेपर लीक के विरोध में प्रदर्शन कर रहे थे। साहिल का दावा है कि मार्च के दौरान लाठीचार्ज और आंसू गैस के बीच वह कनॉट प्लेस के पालिका क्षेत्र तक पहुंच गए थे। उनके हाथ में तिरंगा था। इसी दौरान उन्हें दाहिनी छाती, बाजू और आंख के पास तेज धमाके जैसा महसूस हुआ। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि पीछे मुड़कर देखने पर उन्होंने नीली वर्दी पहने एक व्यक्ति को बड़ी बंदूक के साथ देखा। साहिल के अनुसार, उस व्यक्ति ने उन पर धातु के पैलेट चलाए। उनका दावा है कि उन पर करीब पांच से छह बार पैलेट दागे गए, जिसके बाद चेहरे, आंख, हाथ और छाती से खून निकलने लगा और दाहिनी आंख की रोशनी चली गई।
CJP Protest: इलाज के दौरान कई अस्पतालों में रेफर
घायल होने के बाद साहिल को पहले लेडी हार्डिंग अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मेडिकल जांच और एमएलसी तैयार की गई। इसके बाद उन्हें सफदरजंग अस्पताल और फिर एम्स रेफर किया गया। 21 जुलाई की रात उन्हें एम्स के आरपीसी आई सेंटर भेजा गया और बाद में एम्स ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। शिकायत के अनुसार, 22 जुलाई की रात उनकी आंख की पहली सर्जरी हुई।
CJP Protest: शरीर में मिले 200 से ज्यादा धातु के छर्रे
साहिल ने अपनी शिकायत में दावा किया है कि एम्स में किए गए सीटी स्कैन में उनके शरीर में 200 से अधिक धातु के छर्रे मिले। उनके मुताबिक, ये छर्रे आंख, गर्दन, छाती में दिल के पास, जबड़े और बाजू समेत शरीर के कई हिस्सों में मौजूद हैं। शिकायत में कहा गया है कि कुछ छर्रे आंख की नस के बेहद करीब हैं, जिन्हें निकालना संभव नहीं है। साहिल का यह भी दावा है कि दो धातु के छर्रे जीवनभर आंख के अंदर रह सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि चिकित्सकीय दस्तावेजों में उनकी आंख की चोट को पैलेट से लगी चोट बताया गया है और डॉक्टरों ने दृष्टि वापस आने की संभावना बेहद कम बताई है।
CJP Protest: दो सर्जरी के बाद भी आंख की रोशनी नहीं लौटी
FIR के अनुसार, 25 जुलाई को दोबारा जांच में साहिल की दाहिनी आंख में कोई दृष्टि नहीं पाई गई। 31 जुलाई को आरपीसी आई सेंटर की ओपीडी में उनकी जांच हुई और 1 अगस्त को दूसरी सर्जरी की गई। हालांकि, इसके बाद भी आंख की स्थिति में सुधार नहीं हुआ। साहिल का कहना है कि एक शांतिपूर्ण छात्र प्रदर्शन में शामिल होने के बाद उन्हें गंभीर चोटों का सामना करना पड़ा और उनकी आंख की रोशनी चली गई।
‘दिल्ली पुलिस में नौकरी की तैयारी कर रहा था’
साहिल ने शिकायत में बताया कि वह दिल्ली पुलिस में भर्ती होने की तैयारी कर रहे थे। उनका कहना है कि इस घटना के बाद न केवल उनकी पढ़ाई प्रभावित हुई है, बल्कि उनके लिए पुलिस की नौकरी की तैयारी करना भी मुश्किल हो गया है। उन्होंने अपनी पारिवारिक और आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए कहा कि लंबे इलाज का खर्च उठाना उनके परिवार के लिए कठिन है। शिकायत में उन्होंने इलाज और उचित मुआवजे पर विचार करने की मांग भी की है।
CCTV फुटेज सुरक्षित रखने की मांग
साहिल ने दिल्ली पुलिस से घटना से जुड़े सभी महत्वपूर्ण स्थानों के CCTV फुटेज सुरक्षित रखने की मांग की है। इनमें जंतर-मंतर, संसद मार्ग, कनॉट प्लेस, पटेल चौक, राजीव चौक और संबंधित मेट्रो स्टेशनों के फुटेज शामिल हैं। उन्होंने ट्रैफिक पुलिस और ड्रोन से मिले वीडियो फुटेज को भी सुरक्षित रखने की मांग की है। इसके अलावा, ऑपरेशन के दौरान शरीर से निकाले गए धातु के छर्रों को जांच के लिए भेजने और लेडी हार्डिंग अस्पताल, सफदरजंग अस्पताल, एम्स आरपीसी आई सेंटर तथा एम्स ट्रॉमा सेंटर से उनके मेडिकल रिकॉर्ड और एमएलसी मंगाने की मांग की है।
अब जांच में इन सवालों के जवाब अहम
FIR दर्ज होने के बाद जांच में यह पता लगाना महत्वपूर्ण होगा कि साहिल को किस हथियार से पैलेट लगे, उस समय मौके पर कौन-कौन से पुलिसकर्मी तैनात थे और घटना के दौरान किस स्तर से बल का इस्तेमाल किया गया। CCTV फुटेज, मेडिकल रिकॉर्ड, बरामद धातु के छर्रे और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान जांच में अहम साक्ष्य बन सकते हैं। फिलहाल पुलिस ने साहिल की शिकायत के आधार पर अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है। मामले की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि गोली या पैलेट किसने चलाए और इसके लिए कौन जिम्मेदार था।
UP Tak News
Note: ⇒ We hope you liked this information, all the sources of this information are taken from all the sources available on the internet, by order of Team UP Tak News
You can read news related to Uttar Pradesh by Clicking here
⇒ Follow Us On Our Social Handle UP TAK NEWS
Author: UP Tak News
UP TAK NEWS वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो Uttar Pradesh क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ UP क्षेत्र और अन्य ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. UP TAK NEWS न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.uptaknews.in से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |