आज के मशीनी युग में जहां हर कोई धन अर्जित करने की दौड़ में व्यस्त है, वहीं कुछ कर्मयोगी अपने अनूठे सामाजिक कार्यों से मानवता की मिसाल और समाज के लिए प्रेरणा प्रस्तुत कर रहे हैं। महर्षि भृगु की पावन धरती पर विगत एक वर्ष से मानवता की ऐसी ही मशाल निरंतर प्रज्वलित है। करुणा से उपजा यह संकल्प अब सेवा का रूप ले चुका है।
विद्यालय के शिक्षक एवं मीडिया प्रभारी नवचन्द्र तिवारी ने बताया कि सेवा समिति, मिल रोड, परदहां मऊ द्वारा संचालित बलिया शाखा की देवाश्रम संस्था के सदस्यों को जब किसी अज्ञात अथवा निराश्रित शव की सूचना मिलती है और अंतिम संस्कार के लिए कोई परिजन या अन्य व्यक्ति उपलब्ध नहीं होता, तब दल के सदस्य तत्काल सक्रिय होकर धार्मिक परंपराओं के अनुरूप गंगा घाट पर पूरे सम्मान के साथ शव का अंतिम संस्कार करते हैं।
इसी सेवा यात्रा के एक वर्ष पूर्ण होने पर संस्था के तत्वावधान में अगरसंडा स्थित सनबीम स्कूल के अभ्येति हॉल में प्रथम वर्षगांठ समारोह का आयोजन किया गया। संस्था की स्थापना पिछले वर्ष 10 नवंबर को हुई थी। देर शाम तक चले इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि वरिष्ठ समाजसेवी अरविंद शुक्ल तथा विशिष्ट अतिथि जयप्रकाश नारायण विश्वविद्यालय, छपरा के पूर्व कुलपति प्रो. हरिकेश सिंह रहे। अतिथियों द्वारा तुलसी वेदी पर दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के संगीत संकाय के विद्यार्थियों ने निर्गुण गीतों की भावपूर्ण प्रस्तुति दी। तत्पश्चात विद्यालय के शिक्षक एवं साहित्यकार नवचन्द्र तिवारी ने संस्था के सम्मान में अपना निर्गुण गीत प्रस्तुत कर उपस्थित सुधीजनों को भावविभोर किया।
सनबीम विद्यालय के निदेशक डॉ. कुंवर अरुण सिंह के सहयोग से आयोजित इस समारोह में मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि द्वारा कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों, दानदाताओं, समाजसेवियों, पत्रकारों तथा संस्था के सदस्यों को स्मृति चिह्न एवं शॉल भेंटकर सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि ने संस्था के इस पुनीत कार्य की सराहना करते हुए कहा कि ‘जय शिव, जय शव’ मानवता का मूलमंत्र है। उन्होंने कहा कि जनपद में इस प्रकार का कार्य अभूतपूर्व और अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत कर रहा है। संस्था अब तक बिना किसी शासकीय सहायता के 70 निराश्रित शवों का अंतिम संस्कार करा चुकी है। प्रत्येक शव के अंतिम संस्कार पर न्यूनतम पांच हजार रुपये का खर्च आता है। ऐसे पुनीत कार्य में समाज के अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी आवश्यक है। अतिथियों ने सेवा कार्य में जुटे सभी सहयोगियों की मुक्त कंठ से प्रशंसा की।
इस अवसर पर ‘अंतिम संस्कारी दल देवाश्रम’ की शुरुआत करने वाले पी.एन. सिंह, जिलाध्यक्ष दीप नारायण सिंह, उपाध्यक्ष अनिल प्रताप नारायण, महामंत्री गणेश प्रसाद, मंत्री भरत प्रसाद, संगठन मंत्री रामाश्रय वर्मा, संयुक्त मंत्री जय प्रकाश कनौजिया, नंदिनी तिवारी, शिवकुमार सिंह कौशिकेय, भानु प्रताप सिंह, रजनीकांत सिंह, जिला फुटबॉल सचिव पंकज सिंह, नीतीश जी, शक्ति सिंह, अजय पांडेय, अखिलेश मिश्रा, युवा लेखक अभिषेक मिश्रा, विद्यालय के सचिव श्रीवत्स सिंह, प्रशासक संतोष कुमार चतुर्वेदी, उपप्रधानाचार्य पंकज सिंह, समन्वयक जयप्रकाश यादव एवं प्रशांत उपाध्याय, अंकित, अमित, विशाल, मुर्शिद खान सहित विद्यालय के शिक्षकगण उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त जनपद के अनेक गणमान्य नागरिक, समाजसेवी और पत्रकार भी समारोह में शामिल हुए।
कार्यक्रम का संचालन राजेश विक्रम सिंह एवं अमरेन्द्र सिंह ने किया। अंत में सनबीम स्कूल के निदेशक डॉ. कुंवर अरुण सिंह ने देवाश्रम दल के सेवा कार्यों को रेखांकित करते हुए सभी आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
UP Tak News
Note: ⇒ We hope you liked this information, all the sources of this information are taken from all the sources available on the internet, by order of Team UP Tak News
You can read news related to Uttar Pradesh by Clicking here
⇒ Follow Us On Our Social Handle UP TAK NEWS
Author: Abhishek Mishra
अभिषेक मिश्रा, यूपी तक न्यूज़ में वरिष्ठ पत्रकार एवं कवि हैं। वे काव्य के साथ शिक्षा, सामाजिक चेतना और समसामयिक विषयों पर विशेष रिपोर्टिंग करते हैं। मीडिया क्षेत्र में 2+ वर्षों का अनुभव रखने वाले अभिषेक मिश्रा UP Tak News Media Publication (Digital) के यूपी/उत्तराखंड टीम से जुड़े हैं और विशेष रूप से पूर्वांचल से जुड़े मुद्दों एवं खबरों पर लेखन करते हैं।