Ballia UP News: भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के तत्वावधान में वित्तीय साक्षरता अभियान के अंतर्गत गुरुवार को जनपद बलिया के चिलकहर विकास खंड स्थित हजौली गांव में एक व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किसानों एवं ग्रामीणों को बैंकिंग सेवाओं, वित्तीय प्रबंधन, बचत की आदत तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला अग्रणी प्रबंधक (LDM) सुशील कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) जैसी योजनाएं किसानों के लिए अत्यंत लाभकारी हैं। उन्होंने कहा कि किसान इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाकर कृषि कार्यों के लिए सरलता से ऋण प्राप्त कर सकते हैं और आर्थिक रूप से सशक्त बन सकते हैं। साथ ही उन्होंने ग्रामीणों से बैंकिंग सेवाओं का नियमित उपयोग करने और औपचारिक वित्तीय व्यवस्था से जुड़ने की अपील की।
इस अवसर पर जिला समन्वयक रितेश सिंह ने उपस्थित किसानों एवं ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी देते हुए वित्तीय साक्षरता के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि प्रत्येक किसान को किसान क्रेडिट कार्ड के साथ-साथ भारत सरकार की सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ अवश्य लेना चाहिए, ताकि आवश्यकता के समय आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के वित्तीय साक्षरता एवं ऋण परामर्श केंद्र (FLCC) के परामर्शदाता अनिल शुक्ला ने भारत सरकार की विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, सुकन्या समृद्धि योजना, अटल पेंशन योजना तथा मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना सहित अन्य योजनाओं के उद्देश्य, पात्रता, लाभ एवं आवेदन प्रक्रिया से ग्रामीणों को अवगत कराया।
कार्यक्रम में आरो फाउंडेशन के जिला समन्वयक सूरज सिंह ने कहा कि वित्तीय साक्षरता केवल बैंकिंग तक सीमित नहीं है, बल्कि यह बेहतर जीवन जीने की कला है। उन्होंने लोगों को नियमित बचत करने की आदत विकसित करने, आय के अनुसार खर्च करने तथा भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए वित्तीय योजना बनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों की बैंकिंग एवं सरकारी योजनाओं से संबंधित जिज्ञासाओं का समाधान भी विशेषज्ञों द्वारा किया गया तथा योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई।
इस अवसर पर जिला अग्रणी प्रबंधक सुशील कुमार, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के एफएलसीसी परामर्शदाता अनिल शुक्ला, उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक हजौली शाखा प्रबंधक, आरो फाउंडेशन के जिला समन्वयक सूरज सिंह, जिला समन्वयक रितेश सिंह, वित्तीय परामर्शदाता शुभम ओझा, विजय सिंह, रोहित चौहान, प्रधान प्रतिनिधि मिंटू कुमार, सामाजिक कार्यकर्ता मन्नू कुमार सहित बड़ी संख्या में किसान एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
UP Tak News
Note: ⇒ We hope you liked this information, all the sources of this information are taken from all the sources available on the internet, by order of Team UP Tak News
You can read news related to Uttar Pradesh by Clicking here
⇒ Follow Us On Our Social Handle UP TAK NEWS
Author: Abhishek Mishra
अभिषेक मिश्रा, यूपी तक न्यूज़ में वरिष्ठ पत्रकार एवं कवि हैं। वे काव्य के साथ शिक्षा, सामाजिक चेतना और समसामयिक विषयों पर विशेष रिपोर्टिंग करते हैं। मीडिया क्षेत्र में 2+ वर्षों का अनुभव रखने वाले अभिषेक मिश्रा UP Tak News Media Publication (Digital) के यूपी/उत्तराखंड टीम से जुड़े हैं और विशेष रूप से पूर्वांचल से जुड़े मुद्दों एवं खबरों पर लेखन करते हैं।